बिजनौर के धामपुर में एक 50 वर्षीय महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने घर छोड़ने के बहाने महिला को सुनसान जगह ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है।

बिजनौर। धामपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता (लगभग 50 वर्ष) मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है। मंगलवार देर रात वह मोहल्ला बंदूकचियान में आयोजित भोज में बर्तन धोकर घर लौट रही थी। इस दौरान मोहल्ले के दो युवक बाइक से पहुंचे और उसे घर छोड़ने का प्रस्ताव दिया।
महिला को घर छोड़ने के बहाने आरोपी युवक सुनसान जगह ले गए और वहां सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी महिला को गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गए।
पीड़िता घर पहुंची और इशारों के जरिए परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां महिला ने एक आरोपी की पहचान की। इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।
एसपी पूर्वी ए.के. श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।






