बिजनौर के नूरपुर क्षेत्र के फतेहाबाद गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने दहेज की मांग और गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है जबकि पति और एक अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

बिजनौर। नूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहाबाद में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान पूजा (पुत्री राजपाल सिंह, निवासी गांव सुनगढ़) के रूप में हुई है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पूजा की गला घोंटकर हत्या की गई है। मृतका के गले पर निशान भी पाए गए हैं, जिससे परिजन इसे हत्या करार दे रहे हैं।
सूचना पर सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह पुलिस टीम और फोरेंसिक यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। बताया गया कि पूजा का विवाह करीब डेढ़ साल पहले तुषार (पुत्र नीरज, निवासी फतेहाबाद, नूरपुर) से हुआ था। शव घर के अंदर चारपाई पर मिला।
मृतका के जीजा का कहना है कि पति के इलाज के बाद उसने दहेज की मांग शुरू कर दी थी। इसी विवाद के चलते पूजा की हत्या की गई। परिजनों की तहरीर पर पति, सास-ससुर समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पति और एक अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है।






