प्रशासन की तानाशाही का मुंह तोड़ जवाब देंगे: टीम स्वराज

SHARE:

बिजनौर।

नाबालिग छात्रा मामले में पुलिस प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार को लेकर जिलेभर में रोष व्याप्त है। पुलिस की धीमी कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

भारतीय महिला महाशक्ति स्वराज टीम ने जिला प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे किसी भी तरह के दबाव में आने वाले नहीं हैं। संगठन ने स्पष्ट कहा है कि यदि जल्द ही बच्ची को बरामद नहीं किया गया, तो जिले के सभी थानों पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
टीम ने चेतावनी देते हुए कहा कि “यदि हमें रोकने की कोशिश की गई, तो हम गिरफ्तारी देने के लिए भी तैयार हैं। प्रशासन अपनी जेलों में अतिरिक्त बैरक बनवा ले, क्योंकि गिरफ्तारी देने वालों की संख्या हजारों में होगी।”

राष्ट्रीय अध्यक्ष रेनू राणा ने मोर्चा संभालते हुए कहा कि देर रात शांतिपूर्ण धरने पर बैठी महिलाओं और पीड़ित परिवार के साथ किया गया अमानवीय व्यवहार असहनीय है। उन्होंने कहा कि,
“दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारियों को उनके दफ्तर में घुसकर भी सबक सिखाया जाएगा।”

जिला अध्यक्ष निशि चौधरी ने सभी ब्लॉक, तहसील और ग्राम अध्यक्षों को आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही जेल भरो आंदोलन में भाग लेने वालों की सूची तैयार करने के लिए भी कहा है।

जिला संयोजक गीता शर्मा ने कहा कि नाबालिग लड़कियों को गुमराह करने वाला गिरोह लगातार सक्रिय हो रहा है और इसके तार बहुत दूर तक फैले होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि यदि अब भी ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले समय में किसी भी परिवार की बेटियाँ खतरे में पड़ सकती हैं।

टीम स्वराज ने पीड़ित छात्रा की मां सोनी देवी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। टीम ने कहा कि वे भी मां हैं और पीड़ित परिवार की पीड़ा को गहराई से समझते हैं। संगठन ने आश्वासन दिया कि हर परिस्थिति में वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।

अंत में टीम ने कहा कि सभी के सहयोग से इस मामले का जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

DPP NEWS
Author: DPP NEWS

Leave a Comment