स्योहारा क्षेत्र में सड़क किनारे एक गड्ढे से अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के थानों में भी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
बिजनौर।
स्योहारा थाना क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर के पास सड़क किनारे स्थित एक गड्ढे में शनिवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। वाहन चालकों ने शव को देखा और एक ट्रक चालक ने तुरंत डायल-112 पर इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ए.के. श्रीवास्तव और धामपुर के कार्यवाहक सीओ ने भी घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और पूरी जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक रूप से युवती की उम्र लगभग 28 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने शिनाख्त के लिए आसपास के इलाकों में पूछताछ की और नजदीकी थानों से भी संपर्क किया, लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो पाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका रात के समय सुनसान रहता है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मोबाइल सर्विलांस की मदद से भी सुराग तलाशने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर अधिक स्पष्टता मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है।






