नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर शिवाला कलां गांव के पास रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार नवविवाहिता की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

बिजनौर।
नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर ग्राम शिवाला कलां के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रोडवेज बस की लापरवाही से हुआ बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार इकरामुद्दीन पुत्र नूरुद्दीन निवासी मोहल्ला शिकारीयान, थाना नई बस्ती नौगावां सादात ने शिवाला कलां थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे उनका पुत्र इमरान अपनी पत्नी सानिया के साथ स्कूटी संख्या UP-23-A-7598 से दवा लेने शिवाला कलां जा रहा था।
जैसे ही दंपति नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर शिवाला कलां के पास पहुंचे, पीछे से आ रही रोडवेज बस संख्या UP-20-T-7261 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और सानिया सड़क पर गिर गई। बस चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में सानिया की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि इमरान को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर शिवाला कलां पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सानिया को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक लखपत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






