Bijnor News: गंगा का रौद्र रूप, तटबंध पर कटान से दर्जनों गांव और जंगलों को खतरा

SHARE:

गंगा नदी ने एलेक्स बांध के पास कटान शुरू कर दिया है। खतरे में आए दर्जनों गांव और हजारों हेक्टेयर जंगल। प्रशासन अलर्ट।

बिजनौर: जिले में गंगा नदी एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर रही है। गंगा बैराज के पास एलेक्स बांध की ओर धारा मुड़ने से तटबंध पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। नदी का पानी तटबंध पर बनी पक्की सड़क तक पहुंच गया है और लगातार कटान हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, अपलेक्स बांध के किलोमीटर 6 के आसपास यह कटान सबसे ज्यादा हो रहा है। तटबंध के ऊपर बनी आधी सड़क पहले ही गंगा में समा चुकी है। यदि तटबंध टूटता है तो दर्जनों गांव और हजारों हेक्टेयर जंगल बाढ़ की चपेट में आ जाएंगे।

स्थिति को गंभीर देखते हुए सिंचाई विभाग और प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। तटबंध को बचाने के लिए पेड़ों को काटकर और पत्थरों को किनारे पर रखा जा रहा है। जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से गंगा की धारा को मोड़ने की कोशिश की जा रही है।

करीब 15 दिन पहले बालावाली क्षेत्र में भी गंगा की कटान से बड़ा खतरा पैदा हो गया था। वहां रेल पुल के गाइड बंध पर गंगा की धारा पहुंच गई थी। हजारों बीघा जमीन नदी में समा गई थी और इंडियन ऑयल की पाइपलाइन टूट गई थी। यहां तक कि गंगा का बहाव जम्मू-कोलकाता रेल ट्रैक की तरफ बढ़ गया था, जिसे रेलवे ने बड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित किया।

सिंचाई विभाग के अधिशासी अधिकारी बृजेश मौर्य ने बताया कि वर्तमान में लगभग 50 मीटर क्षेत्र कटान की चपेट में है। तटबंध को बचाने के लिए डेढ़ सौ से अधिक श्रमिक, चार जेसीबी, एक पोकलेन, 10 डंपर और 12 ट्रैक्टर-ट्राली लगातार काम में लगे हुए हैं। इंजीनियर और विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

DPP NEWS
Author: DPP NEWS

Leave a Comment