देर रात हुए हादसे में एक 5 वर्षीय नर तेंदुए की मौत हो गई। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से गुलदार की मौके पर ही जान चली गई।
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेंदुए की मौत हो गई। यह घटना रविवार देर रात नेशनल हाईवे-34 (NH-34) नजीबाबाद रोड पर नेक्सा शोरूम के पास हुई। जानकारी के अनुसार, सड़क पार कर रहे 5 वर्षीय नर तेंदुए को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत वन विभाग और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने गुलदार के शव को कब्जे में लेकर वन रेंज कार्यालय भेज दिया। क्षेत्रीय वन अधिकारी महेश गौतम ने पुष्टि की कि मृतक गुलदार लगभग 5 वर्ष का नर था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
बिजनौर जिले में गुलदारों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। अब तक यहां गुलदारों के हमलों में 33 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हो चुके हैं। स्थिति पर नियंत्रण के लिए वन विभाग पिंजरे लगाकर गुलदारों को पकड़ने का प्रयास कर रहा है। साथ ही ग्रामीणों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जा रहा है।






