मेरठ में मुख्यमंत्री योगी ने कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा की
लखनऊ | 20 जुलाई 2025: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद मेरठ में कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा की और भक्तों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि लोकमंगल के देवता भगवान शिव की कृपा सभी भक्तों पर समान रूप से होती है। सावन माह में बच्चे, युवा, महिलाएं और वृद्ध सभी कांवड़ लेकर भक्ति भाव से आगे बढ़ रहे हैं।
श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समता का उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक है। श्रद्धालु कठिन साधना और परिश्रम के साथ जल लेकर बाबा अवघड़ नाथ, पुरामहादेव, दूधेश्वर नाथ जैसे प्रसिद्ध मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए यात्रा कर रहे हैं।

प्रशासनिक व्यवस्थाएं और जनसहभागिता
प्रदेश सरकार, स्वयंसेवी संस्थाएं और सामाजिक संगठनों ने कांवड़ यात्रा को सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जगह-जगह पंडाल लगाए गए हैं, जहां शिवभक्तों का स्वागत हो रहा है। यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
सतर्कता की भी दी गई सलाह
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि वे दूसरों की सुविधा का भी ध्यान रखें। उन्होंने बताया कि कुछ अराजक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से यात्रा में विघ्न डालने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे तत्वों को बेनकाब करना हर कांवड़ संघ का दायित्व है और इनकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
कांवड़ यात्रा के दौरान उत्साह, भक्ति और व्यवस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है, जिसे मुख्यमंत्री ने सराहा और सभी को सुरक्षित, संयमित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।






