बिजनौर के अफजलगढ़ में बच्चों के खेल को लेकर हुए विवाद में अधेड़ व्यक्ति की मौत। पुलिस ने पति-पत्नी और बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेजा।

अफजलगढ़ (बिजनौर):
नगर के मोहल्ला नायक सराय में बच्चों के मामूली झगड़े ने बड़ा रूप ले लिया, जिसमें एक अधेड़ व्यक्ति रफीक अहमद कुरैशी (उम्र लगभग 50 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बुधवार दोपहर लगभग 12:30 बजे हुई, जब बच्चों के खेलने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
पीड़ित के पुत्र मोहम्मद फैज के अनुसार, मोहल्ले के ही साहिल पुत्र मुस्तफा से बच्चों का विवाद हुआ था, जिस पर साहिल के पिता मुस्तफा और मां फरजाना भी मौके पर पहुंचे और कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान रफीक अहमद कुरैशी विवाद शांत कराने पहुँचे, लेकिन उन्हें भी डंडों और धक्का-मुक्की का शिकार होना पड़ा।
घटना के दौरान रफीक कुरैशी की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके दोनों बेटे मोहम्मद फैज (20) और मोहम्मद कैफ (18) भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर सीओ अफजलगढ़ राजेश सिंह सोलंकी और थानाध्यक्ष सुमित राठी घटनास्थल पर पहुँचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया है।
मृतक के बेटे मोहम्मद फैज की तहरीर पर मुस्तफा, उनकी पत्नी फरजाना और बेटे साहिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रफीक अहमद कुरैशी अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी को बिलखता छोड़ गए हैं। मोहल्ले में इस घटना के बाद से शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।






