दिल्ली में मेडिकल डिवाइस घोटाला: बिना लाइसेंस बेचे जा रहे थे 25 लाख के उपकरण और नकली दवाएं
नई दिल्ली, 9 जुलाई: राजधानी दिल्ली में नकली और अवैध दवाओं के कारोबार पर लगाम लगाने की कोशिशों के बीच एक बड़ा खुलासा सामने आया है। दरियागंज स्थित मीर दर्द बस्ती में मौजूद एक फर्म “एक्सेस डेंटल सप्लायर” पर दिल्ली ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में बिना लाइसेंस मेडिकल डिवाइस और दवाएं जब्त की हैं।

बिना लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन चल रहा था कारोबार
मिली जानकारी के मुताबिक, एक्सेस डेंटल सप्लायर नामक इस फर्म के पास न तो वैध लाइसेंस था, न रजिस्ट्रेशन और न ही किसी तरह का खरीद-बिक्री रिकॉर्ड। इस फर्म पर छापा मारने के दौरान लगभग 120 मेडिकल डिवाइसेज़, कुछ नकली दवाएं, और संदिग्ध बिक्री रसीदें बरामद की गईं।
दूसरी छापेमारी GB पंत अस्पताल के पास
इस कार्रवाई के साथ-साथ ड्रग कंट्रोल विभाग ने जीबी पंत अस्पताल के सामने निगम मेडिकल मार्केट में एक अन्य दुकान पर भी छापेमारी की। यहां से भी करीब 60 मेडिकल डिवाइसेज़ और दवाएं अवैध रूप से बेची जा रही थीं। दोनों जगहों से जब्त की गई वस्तुओं की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
विडियोग्राफी कराई गई, कानूनी कार्रवाई की तैयारी
अधिकारियों ने बताया कि दोनों छापेमारी की विडियोग्राफी भी कराई गई है ताकि सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके। विभाग अब संबंधित फर्मों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
स्वास्थ्य सुरक्षा पर खतरा
बिना लाइसेंस और नियंत्रण के इस प्रकार मेडिकल उपकरणों और नकली दवाओं की बिक्री न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम जनता के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती है। यह मामला स्वास्थ्य सुरक्षा और चिकित्सा निगरानी प्रणाली की निगरानी पर कई सवाल खड़े करता है।
DppNews से शिकुल कुमार की रिपोर्ट्






