नौगावां सादात: मूसलाधार बारिश से दो मंजिला मकान ढहा, मलबे में दबकर युवक की दर्दनाक मौत

स्थान: नई बस्ती, हाजी सतार वाली गली, नौगावां सादात, उत्तर प्रदेश
तारीख: 05 अगस्त 2025
श्रेणी: आपदा / उत्तर प्रदेश समाचार
नौगावां सादात से हारून मंसूरी की रिपोर्ट
तीन दिन से जारी बारिश बनी कहर का कारण
उत्तर प्रदेश के नौगावां सादात से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नई बस्ती में स्थित कमर आलम का दो मंजिला मकान ढह गया। मलबे के नीचे दबने से 18 वर्षीय युवक सुहेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य लड़का घायल बताया जा रहा है।

सुबह 7 बजे हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 7 बजे हुआ जब अचानक मकान भरभराकर गिर गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सुहेल की जान जा चुकी थी। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे कस्बे में शोक का माहौल है।
प्रशासन और पुलिस मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सुनीता सिंह, तहसीलदार लकी सिंह, थाना प्रभारी सुनील कुमार, कस्बा इंचार्ज सुभाष बालियान और वीर सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और राहत कार्य शुरू करवाया।
गली-मोहल्लों का बुरा हाल, बिजली व्यवस्था चरमराई

नौगावां सादात में लगातार बारिश के चलते गलियों में पानी भर गया है, और कई पुराने मकानों की दीवारें गिर गईं। खासकर वार्ड नंबर 10 में दो मकानों की दीवारें पूरी तरह झज्जर हो गईं।
वहीं बिजली आपूर्ति भी पूरी तरह ठप है। जगह-जगह 11000 वोल्ट की हाई टेंशन लाइन के खंभे गिर गए हैं। बिजली विभाग की टीमें दिन-रात काम कर रही हैं।
बिजली विभाग की जद्दोजहद: एक खंभा ठीक करो, दूसरा गिर जाता है

मौके पर मौजूद एसडीओ रितेश प्रसाद और जई राजीव कु मार सिंह अपनी टीम के साथ हालात को सुधारने में लगे हुए हैं। कुछ स्थानों पर एक खंभा ठीक करते ही दूसरा गिर जाता है, जिससे बहाली का कार्य मुश्किल हो गया है।






