बिजनौर: दुष्कर्म पीड़िता एक महीने से थाने के चक्कर काट रही, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

SHARE:

बिजनौर के इस्माइलपुर गांव की दुष्कर्म पीड़िता न्याय के लिए महीनों से थाने के चक्कर काट रही है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस कार्रवाई से बचती दिख रही है।

पीड़िता तरन्नुम

डीपीपी न्यूज़ से सुभाष चौधरी की रिपोर्ट

बिजनौर | शिवालाकला थाना क्षेत्र

जनपद बिजनौर के थाना शिवाला कला क्षेत्र के ग्राम इस्माइलपुर में एक महिला दुष्कर्म पीड़िता न्याय के लिए एक महीने से पुलिस थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़िता तरन्नुम की शादी पांच साल पहले मुस्लिम रीतिरिवाज से मिर्जापुर बेला गांव निवासी शहजाद से हुई थी। पीड़िता के पिता ने शादी में हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया था, लेकिन विवाह के कुछ समय बाद से ही दहेज की मांग और घरेलू हिंसा शुरू हो गई।

बकरी ईद के दिन शहजाद ने पीड़िता को पीटकर घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी। इसी बीच 19 जुलाई को आरोपी के रिश्तेदार आशु ने तरन्नुम को बहाने से बुलाकर जबरन कार में बैठाया और जंगल में ले जाकर चाकू की नोक पर दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने जब शोर मचाया तो खेतों में काम कर रहे लोग घटनास्थल की ओर भागे, जिसे देख आरोपी मौके से फरार हो गया। किसी तरह थाने पहुंचकर पीड़िता ने शिकायत दी, लेकिन शिवाला थाना पुलिस ने तहरीर नहीं ली और महिला थाना चांदपुर भेज दिया। वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई।

पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से आरोपी आशु और शहजाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता की अपील:

“मैं एक महीने से थानों के चक्कर काट रही हूं लेकिन किसी ने मेरी सुनवाई नहीं की। मुझे न्याय चाहिए, आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।”

यह मामला न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है बल्कि यह भी दर्शाता है कि पीड़िताओं को न्याय पाने के लिए कितनी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। अब देखना होगा कि क्या प्रशासन इस मामले में सख्त कदम उठाता है या नहीं।

DPP NEWS
Author: DPP NEWS

Leave a Comment