बिजनौर में दिल दहला देने वाला हादसा: चारा लेने गई महिला को आवारा कुत्तों ने मार डाला

SHARE:

बिजनौर के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव झाड़पुरा भागीजोत में एक बुजुर्ग महिला की जंगल में चारा लेते समय आवारा कुत्तों के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

बिजनौर, उत्तर प्रदेश |
बिजनौर जिले के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव झाड़पुरा भागीजोत में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। गांव की 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला मुन्नी देवी पत्नी हुकुम चंद्र सैनी जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं, तभी आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।

हमले के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उनके शरीर पर कुत्तों के नोंचने के गहरे निशान पाए गए। घटना की खबर मिलते ही सीओ अफजलगढ़ राजेश सिंह सोलंकी और थानाध्यक्ष सुमित राठी मौके पर पहुंचे।

पुलिस और प्रशासन की कार्यवाही:

पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया है।
ग्राम प्रधान कपिल कुमार सैनी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की पुष्टि की।

ग्रामीणों का गुस्सा और मांग:

इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि कुछ महीने पहले रसूलपुर आबाद में भी एक मासूम बच्ची की आवारा कुत्तों के हमले में जान चली गई थी। प्रशासन और वन विभाग इन घटनाओं को नजरअंदाज कर रहा है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बिजनौर जसजीत कौर से आवारा कुत्तों के आतंक को खत्म करने की मांग की है और वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने की अपील की है।

बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं प्रशासन और वन विभाग की लापरवाही को उजागर करती हैं। यदि समय रहते ठोस कदम न उठाए गए, तो ग्रामीण क्षेत्र में ऐसे हमलों से और भी जानें जा सकती हैं।

DppNews से सुभाष चौधरी की रिपोर्ट

DPP NEWS
Author: DPP NEWS

Leave a Comment