बिजनौर जेल में कैदी की मौत से हड़कंप

SHARE:

 

बिजनौर जेल में कैदी की मौत से हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बिजनौर, उत्तर प्रदेश: बिजनौर जिला कारागार में दो कैदियों के बीच हुई मारपीट में एक कैदी की मौत हो गई। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतक कैदी की पहचान आशु के रूप में हुई है, जो काशीपुर का रहने वाला था और 13B बैरक में बंद था। इसी बैरक में अमरोहा निवासी आकिब नाम का कैदी भी बंद था। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

झगड़े के दौरान आशु बेहोश हो गया, जिसे जेल प्रशासन ने आनन-फानन में जिला अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। आशु का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

इस घटना के बाद जिला कारागार की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, मीडिया द्वारा संपर्क करने पर जेल अधीक्षक ने कोई जवाब नहीं दिया।

 

DPP NEWS
Author: DPP NEWS

Leave a Comment