बिजनौर में डीएम का बड़ा एक्शन: बिना फिटनेस वाली स्कूल बसें होंगी सीज, स्कूलों की मान्यता पर भी खतरा
बिजनौर | बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता अब नहीं चलेगा। बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर ने स्कूलों द्वारा नियमों की अनदेखी पर सख्त रुख अपनाते हुए बिना फिटनेस प्रमाणपत्र वाली स्कूल बसों को सीज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह आदेश कलेक्ट्रेट के महात्मा विदुर सभागार में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में दिए।

परिवहन विभाग को चलाना होगा विशेष अभियान
बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि वह जिले भर में स्कूल वाहनों की चेकिंग के लिए विशेष अभियान चलाए। इसमें ऐसे सभी स्कूल वाहन चिह्नित किए जाएं जो बिना फिटनेस, बीमा या मानक सुरक्षा उपकरणों के चलाए जा रहे हैं।
नियम तोड़ने वाले स्कूलों की मान्यता होगी रद्द
डीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि जो स्कूल बार-बार नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनकी मान्यता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बच्चों की जान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन की प्राथमिकता: छात्र-छात्राओं की सुरक्षा
डीएम जसजीत कौर ने कहा कि, “बच्चों की सुरक्षा सबसे पहले है। कोई भी स्कूल या वाहन संचालक नियमों की अनदेखी करता है, तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।”






